मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में दोषी करार दिए जाने के बाद जेल में बंद मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला की प्रतिक्रिया सामने आई। अदालत का फैसला जेल पहुंचने के बाद मुस्कान ने जेल अधिकारियों से पूछा कि दोषी करार दिए जाने के बाद अब क्या सजा दी जा सकती है और आगे क्या होगा। अधिकारियों ने उसे बताया कि सजा अदालत तय करेगी।
जिला एवं सत्र न्यायालय ने बुधवार को सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को दोषी करार दिया था। अदालत ने सजा के बिंदु पर फैसला सुरक्षित रखा है और 14 अक्टूबर को सजा सुनाई जाएगी। दोनों की पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कराई गई। फैसले की जानकारी जेल पहुंचने के बाद मुस्कान की आंखों में आंसू आ गए। साहिल भी रोने लगा। कुछ देर बाद दोनों अपनी-अपनी बैरक में चले गए और किसी से बातचीत नहीं की। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक दोनों ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। 14 अक्टूबर को तय होगी सजा
अदालत ने दोनों को हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में दोषी माना है। मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से 22 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए और करीब 125 से 126 तारीखों तक सुनवाई चली। अब अदालत सजा के बिंदु पर फैसला सुनाएगी। फैसले से पहले बदला था दोनों का व्यवहार
जेल अधिकारियों के अनुसार फैसले से पहले भी दोनों के व्यवहार में बदलाव दिखाई दे रहा था। मुस्कान पिछले कुछ दिनों से सुंदरकांड का पाठ और भगवान शिव की पूजा कर रही थी। वहीं साहिल ने दूसरे बंदियों से बातचीत करना बंद कर दी थी और वह केवल जेल स्टाफ से बात कर रहा था।