खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए जोरदार धमाके से दो मंजिला मकान की छत और दीवारें भरभराकर ढह गईं। हादसे में मलबे में दबने से चार सगे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, दमकल, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की टीम ने राहत-बचाव अभियान चलाया।
फतेहपुर के मलवां कस्बे में सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच के अनुसार मकान के निचले हिस्से में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस पाइप में रिसाव के बाद आग लगी और जोरदार धमाका हो गया। धमाके से मकान की ऊपरी मंजिल की आरसीसी छत भरभराकर नीचे आ गिरी। आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर सात लोगों को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। उपचार के दौरान कुणाल, अर्पित, वेद, यश और आलोक की मौत हो गई। मृतकों में चार सगे भाई बताए गए हैं। हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं। धमाके के कारणों की जांच जारी
मौके से चार गैस सिलेंडर मिले हैं, जिनमें दो के फटने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया गैस सिलेंडर से विस्फोट की बात सामने आई है, लेकिन धमाके का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। मकान की ऊपरी मंजिल पर सोलर पैनल और लिथियम बैटरियां भी रखी होने की जानकारी सामने आई है। फोरेंसिक और दमकल विभाग की टीमें साक्ष्य जुटाकर अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही हैं। एसडीआरएफ ने भी संभाला मोर्चा
घटनास्थल तक गली संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में परेशानी हुई। इसके बाद जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया। पुलिस, दमकलकर्मियों, स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ की टीम ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया तथा अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली।