दरवाजे में रखे कटे बिजली के तार की चपेट में आने से किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले गए।
बदौसा थाना क्षेत्र के तुर्रा गांव निवासी रामभवन यादव तीरथ यादव 45 सोमवार रात कमरे से बाहर निकल रहे थे। घरेलू बिजली की लाइन के तार कमरे के अंदर से बाहर की ओर गए थे। कमरे के बाहर दरवाजे में तार कटा हुआ रखा था। तीरथ जैसे ही कमरे से बाहर निकलने लगे, उनका सिर तार से छू गया और वह करंट की चपेट में आकर अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख सुनकर बड़े भाई रामशिया यादव मौके पर पहुंचे। तीरथ को अचेत पड़ा देखकर उन्होंने शोर मचाया तो परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन उन्हें निजी वाहन से सीएचसी ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद तीरथ को मृत घोषित कर दिया। चार भाइयों में सबसे छोटा था तीरथ
भतीजे रामभवन ने बताया कि तीरथ चार भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। वह अपने पिता लल्ला यादव के साथ रहता था। वृद्ध पिता के पास करीब छह बीघे जमीन है। तीरथ खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करने में सहयोग करता था। उसकी मौत से पिता लल्ला यादव समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।