तीज पर्व पर आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियों का कमिश्नर तथा डीआईजी ने स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान आमजन की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा, स्वच्छता, प्रकाश और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. के साथ सुमेरपुर के मोहल्ला चांद थोक स्थित हरिचंदन तालाब में तीज पर्व पर आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण बाल लीला आधारित मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मेला आयोजकों और संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि तालाब में किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से प्रवेश न करने दिया जाए। तालाब में जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए लाइफ जैकेट का उपयोग अनिवार्य कराया जाए। मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, प्रशिक्षित गोताखोर और मोबाइल चिकित्सीय दल की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, विद्युत व्यवस्था और अग्निशमन विभाग की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया। तालाब के आसपास बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए गए। पशु मेला बाजार की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
आयुक्त ने पशु मेला बाजार में आयोजित होने वाले मेले, दुकानों और दंगल स्थल का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थलों पर यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा और अग्नि सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। दुकानदारों और मेला आयोजकों को निर्धारित नियमों का पालन कराने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके बाद आयुक्त अजीत कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सुमेरपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान आमजन ने स्वास्थ्य केंद्र में पेयजल के लिए फ्रीजर और वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था उपलब्ध न होने की समस्या बताई। आयुक्त ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हमीरपुर से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों और तीमारदारों के लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था कराने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर, इन्वर्टर अथवा अन्य वैकल्पिक स्रोत की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कमिश्नर ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाओं एवं चिकित्सा सेवाओं की निरंतर उपलब्धता, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वर्षा ऋतु को देखते हुए परिसर में स्वच्छता, जल निकासी और संक्रमण से बचाव के इंतजाम बनाए रखने को भी कहा।