प्रेम संबंध का राज खुलने के डर से एक मां और उसके कथित प्रेमी पर अपने ही नाबालिग बेटे की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि किशोर ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और इसका विरोध करते हुए शोर मचाया। इसके बाद पहले उसे डांटा गया और फिर पीटकर प्रेमी के साथ मिलकर उसका गला घोंट दिया गया। वारदात के बाद किशोर की मौत को बीमारी से हुई सामान्य मौत बताने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस जांच में गले पर चोट के निशान मिलने से मामला हत्या की ओर मुड़ गया।
मामला कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के विपौसी गांव का है। मृतक किशोर की पहचान सत्यम के रूप में हुई है। वह कक्षा आठ का छात्र था। उसके पिता सर्वेश निजी कंपनी में काम करते हैं और रोजगार के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं। सत्यम अपनी मां और दो छोटे भाइयों के साथ गांव में रहता था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह आटा चक्की से आटा लेकर घर लौटा था। इसके बाद उसकी तबीयत खराब होने की बात परिवार की ओर से बताई गई। आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सत्यम ने अपनी मां को उसके कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के मुताबिक, किशोर को आशंका थी कि वह इस बात की जानकारी परिवार और आसपास के लोगों को दे सकता है। आरोप है कि इसी बात को लेकर पहले उसे डांटा गया और फिर उसकी पिटाई की गई। इसके बाद मां और उसके प्रेमी ने मिलकर उसका गला घोंट दिया।
घटना के बाद सत्यम को चारपाई पर पड़े होने और अचानक तबीयत बिगड़ने की बात कही गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल की पड़ताल के दौरान किशोर के गले पर चोट के निशान मिले, जिसके बाद पुलिस का शक गहरा गया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। हत्या के बाद प्रेमी ने भी की फंदा लगाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, किशोर की हत्या के बाद उसका कथित प्रेमी अपने घर चला गया। वहां उसने फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि परिजनों की नजर पड़ जाने से उसे समय रहते बचा लिया गया। इसके बाद वह घर से चला गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों, घटना के समय मौजूद लोगों और वारदात के बाद बनाई गई कहानी की जांच कर रही है। सत्यम के पिता सर्वेश को बेटे की मौत की जानकारी मिलने के बाद वह गांव पहुंचे। मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम, फोरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।