बाँदा-घर में चल रही थी नकली गुटखा फैक्ट्री, पुलिस ने छापा मारकर आरोपी को दबोचा

SHARE:

घर के अंदर अवैध तरीके से नकली और अपमिश्रित गुटखा तैयार कर बाजार में खपाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान गुटखा बनाने की मशीन, तंबाकू-सुपारी, रैपर और अन्य निर्माण सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के शंकरनगर मोहल्ले में पुलिस ने 8 सितंबर की शाम छापेमारी कर मकान में चल रही अवैध गुटखा पकड़ी है। सहायक एसपी मेविस टाक ने बताया कि शंकरनगर निवासी चन्द्रप्रकाश उर्फ चन्दू अपने मकान में गुटखा तैयार कर रहा था। मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान एक गुटखा बनाने की मशीन, मिश्रित तंबाकू व कटी सुपाड़ी, विभिन्न नामों की पुड़िया, रैपर और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद हुई। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कानपुर से गुटखा निर्माण की सामग्री लाकर पिछले कई दिनों से मकान में गुटखा तैयार कर रहा था। तैयार गुटखे की आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े सप्लायरों और खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। सहायक एसपी मेविस टाक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर थाने में मुकदमा संख्या 451/26, धारा 274, 275, 345, 318(4) बीएनएस और धारा 59 खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लाखों का सामान हुआ बरामद
पुलिस ने एक गुटखा बनाने की मशीन, करीब 73 किलोग्राम मिश्रित तंबाकू एवं कटी सुपाड़ी, करीब तीन किलोग्राम विभिन्न नामों की गुटखा पुड़िया, करीब 40 किलोग्राम ‘शुभम’ लिखे रैपर, करीब छह किलोग्राम ‘जबर’ लिखे रैपर और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद की है।
अवैध नेटवर्क की भी जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि निर्माण सामग्री कहां से मंगाई जाती थी और तैयार गुटखा किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कार्यवाही करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह, चौकी प्रभारी मंडी समिति आकाश शुक्ला, चौकी प्रभारी काशीराम कॉलोनी रश्मि सिंह, उपनिरीक्षक सोनू त्यागी, कांस्टेबल सौरभ यादव, सतीश, मनीष, नरेंद्र कुमार और प्रशांत।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई