पूर्व दिल्ली मुख्य सचिव और 1975 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश मेहता की मौत से प्रशासनिक गलियारों में शोक की लहर है। उनका शव नोएडा स्थित आवास में मिला। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझने की बात सामने आई है।
राकेश मेहता सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी में रहते थे। पुलिस के अनुसार घटना के समय वह घर में अकेले थे। परिवार के लोगों ने जब उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की और कोई जवाब नहीं मिला तो सुरक्षा गार्ड को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खुलवाकर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को उनका शव मिला। मौके से मिले सुसाइड नोट में उन्होंने लंबे समय से बीमारी और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का जिक्र किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
राकेश मेहता ने दिल्ली के मुख्य सचिव के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने वर्ष 2007 में मुख्य सचिव का पद संभाला और नवंबर 2010 में सेवानिवृत्त हुए। वह दिल्ली नगर निगम के आयुक्त समेत कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर भी रहे। उनके प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियां भी चल रही थीं। कई अहम पदों पर रहे राकेश मेहता
राकेश मेहता का प्रशासनिक करियर तीन दशक से अधिक लंबा रहा। दिल्ली सरकार में उन्होंने परिवहन, बिजली और शहरी विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। दिल्ली नगर निगम के आयुक्त के रूप में भी उन्होंने काम किया। पुलिस कर रही मामले की जांच
परिवार की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट समेत अन्य तथ्यों को जांच में शामिल किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आत्महत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।