बाँदा-आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और लाभार्थियों का हुआ सम्मान, उत्कृष्ट कार्य पर मिली सराहना

SHARE:

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और महिला लाभार्थियों के सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों को प्रमाणपत्र तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को जरूरी सामग्री वितरित की गई।
मंगलवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं महिला लाभार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अयोध्या में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जनपद की सभी तहसीलों के साथ विकास भवन सभागार में किया गया। विकास भवन सभागार में करीब 500 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद मुख्य अतिथि तथा नरैनी विधायक ओमामणि वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिला लाभार्थियों को उनकी सहभागिता एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। नरैनी तहसील में नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। बबेरू तहसील में विधायक प्रतिनिधि अजय पटेल और पैलानी तहसील में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
सुपोषित बच्चों के अभिभावकों को मिला प्रमाणपत्र
जनपद एवं तहसील स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में सुपोषित किए गए बच्चों के माता-पिता को स्वस्थ बच्चा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सांकेतिक रूप से साड़ी का वितरण किया गया। इसके अलावा जिलाधिकारी अमित आसेरी के निर्देश पर सीडीपीओ के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्री-स्कूल मॉड्यूल से आच्छादित एफएलएनडीओ/टीएलएम किट वितरित की गई। किट के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
मानदेय वृद्धि और आयुष्मान योजना पर दी बधाई
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मानदेय वृद्धि तथा आयुष्मान योजना से आच्छादित किए जाने पर शुभकामनाएं और बधाई दी। साथ ही उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, नरैनी विधायक ओमामणि वर्मा, जिलाधिकारी अमित आसेरी, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि अजय पटेल,सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई