शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ आधुनिक तकनीक के संतुलित और विवेकपूर्ण इस्तेमाल का संदेश दिया गया। अतिथियों ने कहा कि मोबाइल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल ज्ञान और सफलता की राह आसान कर सकता है, लेकिन इनके अनियंत्रित प्रयोग से बचना जरूरी है।
आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में शनिवार को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष दुर्गेश तिवारी ने की। समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। मोबाइल और एआई का करें जरूरत के अनुसार इस्तेमाल
मुख्य अतिथि रेखा सियाक (आईएएस) ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया आज के समय में उपयोगी साधन हैं। विद्यार्थियों को समय-सारिणी बनाकर इनका जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित न हो। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक का इस्तेमाल ज्ञान बढ़ाने और अपने लक्ष्य की तैयारी के लिए करने की सलाह दी। साथ ही अनावश्यक रूप से मोबाइल और सोशल मीडिया पर समय बर्बाद न करने को कहा। विद्यार्थियों ने अतिथियों से पूछे सफलता के सवाल
समारोह के दौरान छात्र-अतिथि संवाद और प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने जीवन में सफलता हासिल करने, लक्ष्य निर्धारण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े सवाल पूछे। विशिष्ट अतिथि आईपीएस मेविस टॉक ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सहज और स्पष्ट तरीके से समाधान किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए। इसके लिए लगातार मेहनत, अनुशासन और धैर्य बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों और अतिथियों का हुआ सम्मान
जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश कुमार ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश कुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि रेखा सियाक और विशिष्ट अतिथि आईपीएस मेविस टॉक का बुके भेंट कर एवं अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत और सम्मान किया। इसके बाद अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष दुर्गेश तिवारी ने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। आभार के साथ हुआ समारोह का समापन
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश कुमार पाण्डेय ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस विद्यार्थियों के लिए अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ शिक्षा के महत्व को समझने का भी अवसर है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।