श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह छा गया और पूरा परिसर जय श्रीकृष्ण व राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा।
मथुरा में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले गो-पूजन किया। इसके बाद भागवत भवन पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने देशवासियों के कल्याण, प्रदेश की उन्नति और सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल, गूंजे जयकारे
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। फूलों की बारिश होते ही श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया। पूरा जन्मस्थान परिसर जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा। मुख्यमंत्री करीब 30 मिनट तक श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में रहे। सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार व्यवस्था की निगरानी करते रहे। जन्मस्थान की ओर जाने वाले मार्गों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। जन्माष्टमी के अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने बाद में अपने संबोधन में जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए अयोध्या में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि वहां अब बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।