प्रेम विवाह के करीब डेढ़ साल बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी। महिला का शव कमरे में पड़ा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई है। परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में फौजी तिराहे के पास किराये के मकान में रहने वाली 27 वर्षीय शिवानी उर्फ सुधा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उसका शव बिस्तर के नीचे पड़ा मिला। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। देर शाम डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसमें गला घोंटने की पुष्टि हुई। चेहरे पर पांच जगह चोट के निशान भी पाए गए। शिवानी दतिया के इंदरगढ़ मोहल्ले की रहने वाली थी। करीब दो साल पहले उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से ग्वालियर निवासी यश ठाकुर से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और परिवार की सहमति से करीब डेढ़ साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। परिजनों का आरोप है कि यश छोटी-छोटी बातों को लेकर शिवानी के साथ मारपीट करता था। तीन महीने से बहन और भाई के साथ रह रही थी शिवानी
परिजनों के मुताबिक विवाद से परेशान होकर शिवानी करीब तीन महीने पहले झांसी आ गई थी और अपनी बहन मुस्कान तथा भाई अनिकेत के साथ किराये के मकान में रहने लगी थी। यश कभी-कभी उससे मिलने झांसी आता था। रात में दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। बहन मुस्कान के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर उनके मामा संतोष मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद अनिकेत मामा के साथ चला गया। शिवानी ने खाना बनाया और बाद में वह तथा यश कमरे में सोने चले गए। रात दो बजे बैग लेने के बहाने आया बाहर
मुस्कान के अनुसार रात करीब दो बजे यश ने दरवाजा खुलवाकर बैग और कुछ सामान देने को कहा। वह आधा दरवाजा खोलकर बाहर ही खड़ा रहा। सामान लेने के बाद मुस्कान दोबारा सो गई। सुबह करीब पांच बजे उठने पर उसे अपने कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। कुछ देर बाद भाई अनिकेत पहुंचा और कमरे की कुंडी खोली। अंदर शिवानी जमीन पर पड़ी थी। उसके कान से खून निकल रहा था और गले पर रस्सी अथवा कपड़े से गला घोंटने के निशान थे। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि शिवानी की हत्या के बाद आरोपी पति दोनों कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और ग्वालियर समेत अन्य स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम में खुला हत्या का राज
डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम के दौरान गला घोंटने की पुष्टि की। चेहरे पर पांच जगह चोट के निशान भी मिले। पुलिस इस आशंका की जांच कर रही है कि विवाद के बाद पहले महिला के साथ मारपीट की गई और फिर रस्सी या कपड़े से उसका गला घोंट दिया गया।
शिवानी के परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हंगामा कर आरोपी पति की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।