बाँदा-बाढ़ का खतरा मंडराया तो प्रशासन ने कसी कमर, हर स्थिति से निपटने की तैयारी

SHARE:

वर्षा एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, राहत-बचाव की व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा और जरूरतमंदों तक समय से राहत पहुंचाना है।
आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने मंडल के सभी जनपदों के अधिकारियों को वर्षा एवं संभावित बाढ़ के मद्देनजर पूरी सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां पहले से पूरी रखें।
आयुक्त अजीत कुमार ने जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को बाढ़ और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। राजस्व, पुलिस, सिंचाई, स्वास्थ्य, पंचायतीराज, नगर निकाय, विद्युत, जल निगम, पशुपालन तथा खाद्य एवं रसद विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के साथ ही उनका नियमित भ्रमण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नदियों, नालों और अन्य जलस्रोतों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को समय से सूचना देने को कहा गया है। बाढ़ चौकियों, राहत शिविरों और बचाव संबंधी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने के साथ नाव, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, खाद्यान्न, दवाओं सहित जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य, जल निकासी और बिजली सुरक्षा पर विशेष जोर
स्वास्थ्य विभाग को सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाएं, ओआरएस और क्लोरीन आदि की पर्याप्त उपलब्धता रखने तथा जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय टीमों को क्षेत्र में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई को लेकर जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है।
नगर निकाय एवं पंचायतीराज विभाग को जलभराव वाले स्थानों पर प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित करने तथा नालियों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई कराने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को क्षतिग्रस्त पोल, तार अथवा विद्युत उपकरणों की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने और विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है।
नदी-नालों के पास न जाएं, अफवाहों से बचें
आयुक्त ने मंडलवासियों से अपील की कि वर्षा एवं संभावित बाढ़ के दौरान नदी, नाले और तेज बहाव वाले जल क्षेत्रों के पास अनावश्यक रूप से न जाएं। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करें। आपात स्थिति में तत्काल संबंधित तहसील, थाना, जिला प्रशासन अथवा निर्धारित आपातकालीन सेवा को सूचना दें। अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण और स्थलीय अनुश्रवण करते हुए प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त ने कहा कि प्रशासन, विभागीय अधिकारियों और आमजन के समन्वित प्रयासों से संभावित बाढ़ के दौरान जनसुरक्षा और आवश्यक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने मंडलवासियों से सतर्क रहने, सुरक्षित रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई