झांसी-छात्र को नदी में खींच ले गया मगरमच्छ,अभी तक नहीं लगा सुराग

SHARE:

नदी में नहाने के दौरान अचानक मगरमच्छ के हमले से एक छात्र पानी में लापता हो गया। घटना के बाद से लगातार उसकी तलाश की जा रही है, लेकिन 28 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। हादसे से परिवार में कोहराम मचा है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
झांसी के एरच क्षेत्र के डिकौली गांव निवासी 21 वर्षीय रणवीर यादव पुत्र तकदीर यादव शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे बेतवा नदी में नहाने गया था। वह अपने चचेरे भाई दीपक और दोस्तों कल्लू, अभिषेक व संजय के साथ नदी में पहुंचा था। इसी दौरान नहाते समय एक मगरमच्छ उनकी ओर आता दिखाई दिया। सभी लोग बाहर निकलने लगे, तभी रणवीर का पैर पत्थर पर फिसल गया और वह दोबारा नदी में जा गिरा। इसी दौरान मगरमच्छ ने उस पर हमला कर उसे पानी में खींच लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मगरमच्छ रणवीर को लेकर पानी में चला गया। लोगों ने शोर मचाकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते मगरमच्छ उसे नदी के दूसरे हिस्से की ओर ले गया और पानी में ओझल हो गया।
कानपुर में रहकर कर रहा था पढ़ाई
रणवीर स्नातक की पढ़ाई के साथ कानपुर में रहकर कोचिंग की तैयारी कर रहा था। रक्षाबंधन के पर्व पर वह अपने गांव आया था। हादसे के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं और गांव में भी सन्नाटा पसरा हुआ है।
एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम नदी में लगातार रणवीर की तलाश कर रही है। सीओ गरौठा पीयूष पांडेय के अनुसार युवक की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। परिजन और ग्रामीण भी नदी किनारे डटे हुए हैं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई