रक्षाबंधन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक भाजपा नेता की घेरकर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। हमले में गंभीर रूप से घायल नेता को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के बंसीनगला में शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे भाजपा मणिनाथ मंडल ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष सचिन कश्यप पर घर के पास बगिया में हमलावरों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और गले समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल सचिन जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चार आरोपियों पर रिपोर्ट, पुलिस तलाश में जुटी
मृतक की पत्नी गुड़िया देवी की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले बाबू उर्फ रोहित, अमित उर्फ भज्जी, बाबू की मां और आशीष मौर्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बाबू नामक युवक बच्चों के साथ गलत हरकत करता था, जिसका सचिन ने विरोध किया था। इसी वजह से रंजिश बढ़ने और हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। दो महीने पहले हुआ था विवाद
परिजनों के मुताबिक, करीब दो महीने पहले सचिन का पड़ोस के युवक बाबू से विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद रंजिश बनी रही। परिजनों ने इसी रंजिश को हत्या की वजह बताया है। परिवार में मचा कोहराम
सचिन लंबे समय से भाजपा से जुड़े थे और स्थानीय लोगों की समस्याओं में मदद करते थे। वह पहले प्रिंटिंग प्रेस में काम करते थे। करीब दस साल पहले उनकी शादी हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। रक्षाबंधन के मौके पर घर में मेहमान आए हुए थे, लेकिन देर रात हुई हत्या की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक आठ भाई-बहनों में सबसे बड़े थे।