आगरा-थाने से महज 100 मीटर दूर कारोबारी से लूट, तमंचा दिखाकर बदमाश ले उड़े ढाई लाख

SHARE:

बाइक सवार दो बदमाशों ने घर लौट रहे कारोबारी का रास्ता रोक लिया। तमंचा दिखाकर उसके पास रखा रुपयों से भरा थैला छीन लिया और फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई।
आगरा के कमला नगर के जी ब्लॉक में मंगलवार रात पोशाक कारोबारी आनंद गुप्ता से 2.50 लाख रुपये, मोबाइल और टैबलेट लूट लिया गया। आनंद गुप्ता की रावतपाड़ा में आत्माराम कर्मचंद नाम से फर्म है और वह करीब 40 साल से पोशाक का कारोबार कर रहे हैं। जन्माष्टमी के लिए माल आने के बाद भुगतान के लिए उन्होंने रुपये अपने पास रखे थे। रात करीब 11 बजे वह कर्मचारी ऋषि के साथ स्कूटी से गोदाम से घर के लिए निकले थे। घर से करीब 100 मीटर पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक लगा दी। तमंचा दिखाकर बदमाशों ने कारोबारी से रुपयों का थैला, मोबाइल और टैबलेट छीन लिया। इसके बाद दोनों बदमाश थाने के पास से हाईवे की ओर भाग निकले। पीड़ित के मुताबिक दोनों बदमाशों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष थी और वे स्थानीय प्रतीत हो रहे थे।
रावतपाड़ा से पीछा करने का शक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश कारोबारी का रावतपाड़ा से पीछा कर रहे थे। पुलिस ने 10 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है। बदमाशों की तलाश में चार टीमें लगाई गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
थाने के पास लूट की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि कमला नगर में बड़ी संख्या में कारोबारी और जनप्रतिनिधियों के आवास हैं, इसके बावजूद रात में पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं है। त्योहार के समय सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की मांग की गई है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई