बाँदा-रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को योगी सरकार का बड़ा उपहार

SHARE:

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर माताओं, बहनों और बेटियों को प्रदेश सरकार ने विशेष सौगात दी है। 27, 28 और 29 अगस्त 2026 तक पात्र महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने लखनऊ में विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर किया।

बांदा कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री जल शक्ति विभाग रामकेश निषाद और विशिष्ट अतिथि सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी रहे।
योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं, बहनों और बेटियों के लिए सहयात्री सहित निःशुल्क बस सेवा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति को साड़ी और मिष्ठान भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं। महिलाओं ने जनप्रतिनिधियों को राखी बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित महिलाओं ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
महिलाओं के लिए उपयोगी पहल
राज्य मंत्री जल शक्ति विभाग रामकेश निषाद ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर सरकार ने मातृशक्ति को विशेष उपहार दिया है। 27 से 29 अगस्त तक निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा महिलाओं के लिए अत्यंत उपयोगी पहल है। सरकार का संकल्प है कि माताओं, बहनों और बेटियों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सुगम यात्रा की सुविधा मिले।
परिवार से मिलने में मिलेगी सहूलियत
सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को निःशुल्क यात्रा की सुविधा देना महिला सम्मान का सराहनीय उदाहरण है। इससे बहनों को अपने परिवारजनों से मिलने और रक्षाबंधन पर्व मनाने में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने सभी माताओं, बहनों और बेटियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र, नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बसु, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वंदना गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई