किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने के लिए मंडलायुक्त ने बी-पैक्स केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदामों में यूरिया और डीएपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिला। अधिकारियों को किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए गए।
बांदा में समाधान दिवस के बाद आयुक्त, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा अजीत कुमार ने बी-पैक्स तिंदवारी उत्तरी और बी-पैक्स तिंदवारी दक्षिणी का औचक निरीक्षण किया। दोनों केंद्रों के गोदामों में यूरिया एवं डीएपी उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाया गया। आयुक्त ने खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दर पर ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। खाद वितरण में किसी भी प्रकार की टैगिंग, कालाबाजारी, ओवररेटिंग अथवा अन्य अनियमितता की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने दोनों केंद्रों पर उर्वरक के स्टॉक और निर्धारित बिक्री दर की सूचना प्रमुख स्थान पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। स्टॉक का नियमित सत्यापन कराने के निर्देश
आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि बी-पैक्स केंद्रों पर स्टॉक का नियमित सत्यापन कराया जाए। किसानों को उनकी आवश्यकता और शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जाए। वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रखी जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कमी से पहले भेजें डिमांड
उन्होंने कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को उर्वरक केंद्रों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि स्टॉक कम होने की स्थिति उत्पन्न होने से पहले ही उच्चाधिकारियों को मांग भेजकर आवश्यक मात्रा में उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वितरण में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।