फैक्ट्री की बाउंड्री में लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से चर रही दो बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई। करंट लगते ही दोनों बकरियां तड़पने लगीं और कुछ ही देर में उनकी जान चली गई। घटना के बाद फैक्ट्री के मजदूरों ने सीढ़ी लगाकर बिजली के तार को अलग किया। पशुपालकों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के महोखर स्थित मैदा फैक्ट्री के पास यह घटना हुई। आरोप है कि फतेहपुर निवासी फैक्ट्री मालिक सुरेश गुप्ता ने फैक्ट्री की सुरक्षा के लिए बाउंड्री में बिजली के तार लगा रखे हैं। इसी दौरान शगीर पुत्र सदर खां और कल्लू की बकरियां चक रोड के पास चरते समय बिजली के तार की चपेट में आ गईं। करंट लगने से दोनों बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद फैक्ट्री के मजदूरों ने सीढ़ी लगाकर बिजली के तार को अलग किया। पशुपालकों का आरोप है कि बाउंड्री ग्राम सभा की सरकारी जमीन पर बनाई गई है और उसमें सुरक्षा के नाम पर बिजली के तार लगाए गए हैं। इससे आसपास आने-जाने वाले लोगों और मवेशियों के लिए खतरा बना हुआ है।पशुपालकों के मुताबिक तत्कालीन एसडीएम सदर नमन मेहता ने पहले इस अवैध बाउंड्री पर बुलडोजर चलवाया था। आरोप है कि एसडीएम के स्थानांतरण के बाद फैक्ट्री मालिक ने दोबारा बाउंड्री का निर्माण करा लिया। इसके साथ ही चक रोड में गेट भी लगाए जाने का आरोप है। पहले भी प्रशासन ने की थी कार्रवाई
पशुपालकों का कहना है कि सरकारी जमीन पर बनी बाउंड्री को लेकर पूर्व में प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद दोबारा निर्माण होने और बाउंड्री में बिजली के तार लगाए जाने से हादसे का खतरा बना रहा। पशुपालकों ने पुलिस से की शिकायत
बकरी की मौत के बाद शगीर और कल्लू ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पशुपालकों ने घटना की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और मृत बकरियों के नुकसान की भरपाई की मांग की है।