बाँदा-मदरसे से लापता दो किशोर चेन्नई से सकुशल बरामद

SHARE:

सीसीटीवी कैमरों, सर्विलांस और तकनीकी संसाधनों की मदद से पुलिस ने मदरसे से लापता हुए दो किशोरों को चेन्नई शहर से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। किशोरों की बरामदगी से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
बांदा के थाना कालिंजर क्षेत्र के ग्राम मसौनी स्थित मदरसा अरबिया तजबीदुल कुरान से 13 अगस्त को दो किशोर लापता हो गए थे। मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी गनी अहमद पुत्र मोहम्मद बिज्जा निवासी ग्राम गौहानी, थाना सरबई ने 14 अगस्त को कालिंजर पुलिस को इसकी सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल अभियोग दर्ज कर दोनों किशोरों की सकुशल बरामदगी के लिए टीम गठित की।
चेन्नई पहुंचकर पुलिस ने दोनों किशोरों को किया बरामद
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से दोनों किशोरों की लगातार तलाश की। पुलिस टीम को दोनों किशोरों के चेन्नई शहर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने चेन्नई पहुंचकर दोनों को 19 अगस्त को सकुशल बरामद कर लिया और उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोरों की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने कालिंजर पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस टीम को धन्यवाद दिया। बरामदगी करने वाली टीम में थाना कालिंजर के थानाध्यक्ष दारा सिंह, उपनिरीक्षक रंजीत बहादुर, कांस्टेबल रितेश कुमार और कांस्टेबल यादवेंद्र सिंह शामिल रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई