जमीन पर सो रहे छात्र को सांप ने डस लिया। अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन रातभर झाड़-फूंक कराने में लगे रहे। हालत बिगड़ने पर सुबह उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
जनपद के नरैनी कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुर खलारी गांव निवासी कुलदीप पटेल (23) शनिवार की रात करीब दो बजे अपनी मां गेंदारानी के साथ घर में जमीन पर सो रहा था। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। जानकारी होने पर स्वजन अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराते रहे। इस दौरान उसकी हालत बिगड़ती चली गई। सुबह सुधार न होने पर स्वजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. लवलेश पटेल ने जांच के बाद कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली निरीक्षक भास्कर मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत सांप के डसने से होने की बात सामने आई है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।