बदायूं-डीजे लगी कांवड़ियों की ट्रॉली में दौड़ा करंट, युवक की मौत, सात बच्चे झुलसे

SHARE:

कछला गंगा घाट से जल लेने जा रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली में शनिवार शाम करंट दौड़ने से दर्दनाक हादसा हो गया। कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव गौरा मई के पास हुए हादसे में 33 वर्षीय कांवड़िया रोहित की मौत हो गई, जबकि सात बच्चे करंट की चपेट में आकर झुलस गए। सभी घायल बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
डीजे के लोहे के एंगल से छू गया बिजली का तार
बताया गया कि गौरा मई गांव से करीब 60 से 70 कांवड़िये ट्रैक्टर-ट्रॉली से कछला गंगा घाट जा रहे थे। ट्रॉली पर डीजे और जनरेटर लगा हुआ था। शाम करीब साढ़े सात बजे रास्ते में डीजे में लगा लोहे का एंगल ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। इससे ट्रॉली और डीजे में करंट फैल गया और उसकी चपेट में कई कांवड़िये आ गए।
मौके पर मची अफरातफरी
हादसे में रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विपेंद्र (11), बृजेश (11), तेजवीर (8), प्रशांत (14), सौरभ (8), दामेश (9) और अंशु (12) झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से झुलसे बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
हादसे की वजह को लेकर दो बातें सामने आईं
मृतक के भाई अमित कुमार ने बताया कि डीजे का लोहे का एंगल 11 केवी विद्युत लाइन के तार से छू गया था, जिससे करंट ट्रॉली में फैल गया। वहीं सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने प्रारंभिक जांच में डीजे में लगे जनरेटर से शार्ट सर्किट को हादसे का संभावित कारण बताया है। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने मृतक रोहित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई