बाँदा-वृक्षारोपण कार्यक्रम का हुआ आगाज,जनपद में रोपे जाएंगे 63 लाख से अधिक वृक्ष

SHARE:

एक पेड़ माँ के नाम” एवं “हर खेत पर मेड़, हर मेड़ पर पेड़” अभियान के साथ जनपद में हरियाली का संकल्प दिलाने के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम का आगाज हुआ है।
उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत आज कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “हर खेत पर मेड़, हर मेड़ पर पेड़” महाअभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नेहा शर्मा महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा, उत्तर प्रदेश शासन/नोडल अधिकारी रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ हुआ। कृषि विश्वविद्यालय परिसर में रविवार को लगभग 400 पौधों का रोपण किया गया। बता दें कि जनपद बांदा में 63 लाख 55 हजार 600 पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। वन विभाग द्वारा जनपद के 87 स्थलों पर तथा अन्य विभागों द्वारा 5160 स्थानों पर वृक्षारोपण कराया जाएगा। ग्राम विकास, पंचायतीराज,कृषि,उद्यान,वन सहित सभी विभाग अभियान में सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। डीएम अमित आसेरी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं,बल्कि उनके संरक्षण एवं संवर्धन को सुनिश्चित करना है। सभी पौधों की जियो टैगिंग अनिवार्य की गई है ताकि उनकी नियमित निगरानी की जा सके। पौधों की सुरक्षा हेतु ट्रीगार्ड, फेंसिंग, सिंचाई,सुरक्षा कर्मियों एवं नियमित रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था की गई है। ग्राम समाज की भूमि पर लगाए जाने वाले पौधों की विशेष निगरानी की जाएगी। चयनित स्थलों पर हरितमा वन विकसित किए जाएंगे।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
मुख्य अतिथि नेहा शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते,बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन के आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने सभी से पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान भारतीय संस्कृति, मातृत्व और प्रकृति के प्रति सम्मान का अनुपम संदेश देता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य कर रहा है। यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है,बल्कि प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प है।
उन्होंने किसानों से “हर खेत पर मेड़, हर मेड़ पर पेड़” अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि खेतों की मेड़ों पर वृक्ष लगाने से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने और भूमि संरक्षण में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने सभी नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से अधिकाधिक पौधारोपण कर जनपद को हरित बनाने का आह्वान किया।भाजपा अध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने भी अपने विचार व्यक्त किए और एक पेड़ मां के नाम लगाने का सभी जनपद वासियों से आवाहन किया। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों को पौधारोपण एवं संरक्षण की शपथ दिलाई। साथ ही पौधों का वितरण भी किया गया, और संकल्प दिलाते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चा स्वयं पौधा लगाए तथा अपने परिवार के सभी सदस्यों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करे।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष बुंदेलखंड का तापमान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय रहा है। बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनका संरक्षण है। उन्होंने कहा कि धरती को हरा-भरा बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक इस महाअभियान का सहभागी बने।जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम के संकल्प को जनपद में लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण के साथ-साथ प्रत्येक पौधे के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि आने वाले वर्षों में बांदा अधिक हरित,स्वच्छ और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध जनपद बन सके। कार्यक्रम में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी,नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मालती बासू,जिलाधिकारी अमित आसेरी,मुख्य विकास अधिकारी,प्रभागीय वनाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी,जनप्रतिनिधि तथा नागरिक उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई