चोरी,लूट में वांटेड चल रहे बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। वहीं उसका साथी भागने में सफल रहा।
फतेहपुर में बुधवार भोर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। लूट और चोरी के मामलों में फरार एक शातिर बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बुधवार सुबह करीब चार बजे चाँदपुर थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गूढ़ेश्वर मंदिर के पास संदिग्ध बदमाशों को देख पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली धर्मेंद्र पुत्र विशालू निवासी कंजरन डेरा मजरा नोनारा, थाना जहानाबाद के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल धर्मेंद्र को मौके से गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान उसका साथी गोलू पुत्र विनोद निवासी कंचनपुर, थाना बिंदकी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। और धर्मेंद्र के खिलाफ लूट चोरी समेत 10 मुकदमे है। सीओ जाफरगंज ने मौके का जायजा लिया है।