फोटो कॉपी की दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने शातिर चोर को पकड़ा है। जिसके कब्जे से चोरी का माल व प्रयुक्त सामग्री बरामद हुई है।
सीओ अतर्रा प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि थाना अतर्रा क्षेत्र के लक्ष्मी थोक निवासी देवदत्त पुत्र कल्लू प्रसाद की अतर्रा तहसील के सामने कैफे की दुकान है। मंगलवार की रात देवदत्त दुकान बंद कर अपने घर चला गया। तभी रात के समय में चोर दुकान का ताला तोड़कर लैपटाप,फिंगर डिवाइस, कि-बोर्ड आदि की चोरी कर ले गए। सूचना पर तत्काल थाना अतर्रा पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद अभियुक्त की पहचान व गिरफ्तारी हेतु टीमों का गठन किया गया।ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत आस-पास लगाए गए सीसीटीवी कैमरो व अन्य वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का प्रयोग करते हुए अभियुक्त की पहचान करते हुए मुखबिर की सूचना पर गल्ला मण्डी के पीछे से चोरी के सामानों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त राजेश पुत्र रामबालक निवासी गोबरिया बुजुर्ग भैसौदा थाना भरतकूप जनपद चित्रकूट के कब्जे से चोरी के सामान के साथ-साथ दुकान का ताला तोड़ने में प्रयुक्त औजार आदि बरामद हुए है। अभियुक्तों के कब्जे से 1 लैपटाप,1 की-बोर्ड,1 माउस, फिंगर प्रिंट डिवाइस, लैपटाप स्टैण्ड, सीडी कवर,1 लोहे की छड़,लोहे का कटर,छोटा एवं बड़ा प्लास (चोरी/ताला तोड़ने में प्रयुक्त ) बरामद हुआ है। सीओ ने बताया कि गहनता से जांच की जा रही है कि अभियुक्त द्वारा और किन-किन स्थानों पर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। साथ ही इसके आपराधिक इतिहास के भी बारे में जानकारी की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार तिवारी,उप निरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप,आरक्षी अजय प्रजापति,रविन्द्र श्रीवास शामिल रहे।