कासगंज-फेरे लेने से पहले दूल्हे ने तोड़ी शादी,लौटी बारात

SHARE:

दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर फेरे लेने से पहले दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद बिना दुल्हन के बारात लेकर वापस लौट गया। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कासगंज में एक पिता ने अपनी बेटी के हाथ पीले करने के लिए जीवनभर की जमा-पूंजी दांव पर लगा दी, लेकिन दहेज की अतिरिक्त मांग ने बेटी के सपनों को मंडप में ही तोड़ दिया। सहावर थाना क्षेत्र के गांव खाता निवासी राजपाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि फेरे शुरू होने से पहले दूल्हा पक्ष ने दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर दूल्हा और उसके परिजन बारात वापस लेकर चले गए। गांव खाता निवासी राजपाल की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता कासगंज क्षेत्र के गांव किलोनी निवासी ललित के साथ तय किया था। आरोप है कि रिश्ता तय होने और लगुन की रस्म हुई। शादी के दिन बारात धूमधाम से आई, जयमाला भी संपन्न हो गई और दोनों परिवार खुश नजर आ रहे थे। दोनों परिवार शादी की रस्में पूरी करने में लगे हुए थे। सुबह करीब 4 बजे जब दूल्हा-दुल्हन फेरे लेने के लिए मंडप में बैठे, तभी दूल्हा पक्ष ने दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग रख दी। पिता और रिश्तेदारों ने बेटी की जिंदगी का हवाला देते हुए काफी मिन्नतें की। आरोप है कि दूल्हा पक्ष नहीं माना और दूल्हे को मंडप से उठाकर बारात वापस ले गया। घटना के बाद दुल्हन और उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां मातम जैसा माहौल छा गया। पीड़ित पिता का कहना है कि शादी की तैयारियों और बारात के स्वागत में करीब 12 लाख रुपये खर्च हुए हैं। उन्होंने पुलिस से दहेज लोभियों के खिलाफ कार्रवाई कर बेटी को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment