बाँदा-शांति,सद्भाव एवं भाईचारे का प्रतीक है मोहर्रम-अमित

SHARE:

मोहर्रम का पर्व शांति,सद्भाव एवं भाईचारे का प्रतीक है। इसलिए बिना किसी भेदभाव के भाईचारे के साथ त्योहार मनाए।
आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि चंद्र दर्शन के अनुसार 17 जून से 26 जून 2026 तक जनपद के विभिन्न मार्गों से मोहर्रम का जुलूस निकाला जाएगा। डीएम ने निर्देश दिए कि जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, सड़क मरम्मत,झाड़ी-कटान कराई जाए। ताजियों की ऊंचाई मानक के अनुरूप रखी जाए। विद्युत एवं लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर खुले/लटके विद्युत तारों को ठीक कराए। जल संस्थान द्वारा जुलूस मार्गों पर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए एवं पाइपलाइन लीकेज ठीक कराए जाएं। केन नदी के किनारे ताजिया विसर्जन हेतु गड्ढे खोदकर आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश अधिशासी अधिकारी,नगर पालिका परिषद बांदा को दिए। लाउडस्पीकर की ध्वनि मानक सीमा में रखी जाए। जुलूस पारंपरिक रूप से एवं परंपरागत ढंग से ही निकाले जाएं। संबंधित सभी विभागों के अधिकारी जुलूस मार्गों का भ्रमण कर अपने-अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करा लें। जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम का पर्व शांति, सद्भाव एवं भाईचारे का प्रतीक है। पर्व बिना किसी भेदभाव एवं विघ्न के संपन्न कराया जाए। बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा भी सुझाव दिए गए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र, नगर मजिस्ट्रेट संदीप अकेला,अपर पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक सहित समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस एवं शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment