फिरोजाबाद-जीते जी एक न हो सके प्रेमी युगल ने पैर बांधकर लगाई आग,युवती की मौत

SHARE:

जीते जी एक न हो सके प्रेमी युगल ने साथ जीने-मरने की कसम को सच करने की कोशिश में पैर बांधकर खुद को आग लगा ली। जिससे युवती की मौत हो गई। वहीं प्रेमी की हालत गंभीर बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद में
मोहल्ला गढ़ैया निवासी खुशी (18) और मोहब्बतपुर अहीर निवासी अरुण (19) के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। खुशी के पिता का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। वह अपनी मां और 12 वर्षीय छोटे भाई हर्ष के साथ शिकोहाबाद में रहती थी। तीन दिन पहले खुशी अपनी मां और भाई के साथ मैनपुरी स्थित ननिहाल गई थी। पुलिस ने बताया कि वह कपड़े खरीदने जाने के बहाने मैनपुरी से शिकोहाबाद आ गई थी। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे खुशी अपने प्रेमी अरुण के साथ शिकोहाबाद अपने घर पर लौटी। इसके बाद रात लगभग 11 बजे दोनों ने मकान के किचन में खुद को आग लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
दरवाजा बंद होने के कारण पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और तत्काल संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। गंभीर हालत में चिकित्सकों ने उन्हें पहले फिरोजाबाद और बाद में आगरा रेफर कर दिया। उपचार के दौरान खुशी ने दम तोड़ दिया, जबकि अरुण का इलाज जारी है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे सीओ अमरीश कुमार मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना कि जब पुलिस ने दोनों को किचन से बाहर निकाला, तब उनके पैर आपस में बंधे हुए थे। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रेमी युगल की इस घटना से मोहल्ले में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि इस मामले में युवती के मामा ने आरोपी युवक के खिलाफ उसकी भांजी को बहला-फुसलाकर ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment