मोहाली-रिश्ते से इंकार करने पर चाकू मारकर युवती की हत्या

SHARE:

रिश्ते से इंकार करने युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या कर दी। दिल दहला देने वाले इस मामले में पूरा वीडियो सामने आया है। युवती की हत्या के बाद आरोपी ने अपने गले पर भी चाकू मारे। घायल अवस्था में आरोपी को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। वारदात मोहाली के फेज-11 स्थित बेस्टेक मॉल (सेक्टर-66) के निकट एक निजी कंपनी में गुरुवार देर शाम की है। शाम को कंपनी में 30 वर्षीय युवती काम कर रही थी। इसी दाैरान वहां पहुंचे आरोपी ने पीछे से उसके गले पर चाकू से हमला किया। युवती बचने के लिए भागी तो आरोपी ने उसे पीछा कर पकड़ लिया और फिर लगातार चाकू से उस पर वार किए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आफिस के अन्य साथियों ने युवक को हटाने का प्रयास किया लेकिन उसके सिर पर खून सवार देख उनकी हिम्मत नहीं पड़ी। युवती की हत्या के बाद आरोपी ने अपने गले पर चाकू मारने शुरू कर दिए। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि आरोपी ने अपने गले पर चाकू से अनेक वार किए। मृतका की पहचान डिंपल निवासी पटियाला के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान हरविंदर मान उर्फ हैरी के रूप में हुई है। दोनों एक निजी पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी में सहकर्मी थे और पिछले करीब तीन वर्षों से वहां कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे। सूत्रों के अनुसार करीब छह माह पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद से हरविंदर मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बताया जा रहा है कि वह डिंपल से दोबारा संबंध बनाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन युवती ने उससे दूरी बना ली थी। पुलिस के अनुसार युवती पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से कई वार कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरविंदर का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बयान दर्ज होने के बाद घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई