निवेश प्रोत्साहन,औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता,तत्परता एवं समन्वय के साथ कार्य करें। उपरोक्त निर्देश कमिश्नर ने उद्योग बंधु की बैठक में दिए।
आयुक्त कार्यालय सभागार में आयुक्त अजीत कुमार की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बन्धु की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विगत उद्योग बन्धु बैठकों में दिये गये निर्देशों की समीक्षा करते हुए आयुक्त अजीत कुमार ने अधिकारियों द्वारा किये गये कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। जनपद महोबा में विद्युत ट्रिपिंग की समस्या के समाधान तथा वर्तमान में 20 से 21 घण्टे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किये जाने की जानकारी प्रस्तुत की गयी। इसी प्रकार मे० गुड लाइफ मार्केटिंग द्वारा ग्राम सभा अर्जुनपुर मजरा खण्डेहा,तहसील मऊ में प्रस्तावित वेयरहाउस निर्माण हेतु चिन्हित भूमि से संबंधित धारा-80 की कार्यवाही पूर्ण कर लिये जाने की सूचना भी दी गयी। बैठक में अवगत कराया गया कि कबरई से बाँदा मार्ग पर डिवाइडर में स्थापित अधिकांश बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को पुनः चालू करा दिया गया है। तथा शेष लाइटों की मरम्मत का कार्य तीव्र गति से कराया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा कबरई-बाँदा मार्ग की मरम्मत करायी जा चुकी है। तथा धूल नियंत्रण हेतु नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। साथ ही कबरई-महोबा मार्ग की मरम्मत एवं लगभग 06 किलोमीटर सी०सी० सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। जिसमें से 3.5 किलोमीटर मार्ग पर यातायात प्रारम्भ हो गया है तथा शेष कार्य आगामी दो माह के भीतर पूर्ण होने की संभावना व्यक्त की गयी। आयुक्त ने औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ़ के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु मुख्य कार्यकारी अधिकारी,यूपीसीडा कानपुर द्वारा 258.83 लाख रुपये का प्राक्कलन स्वीकृत किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत तारों की ऊँचाई सुधारने, मार्गदर्शक संकेतक बोर्ड स्थापित करने तथा नालियों एवं सड़कों की सफाई का कार्य भी पूर्ण करा लिया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों को किसी भी प्रकार की आधारभूत संरचनात्मक समस्या का सामना न करना पड़े तथा सभी सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध करायी जाएं। बैठक के दौरान आयुक्त ने जनपद बाँदा में निष्प्रयोज्य विद्युत खम्भों को 20 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से हटवाने के निर्देश अधीक्षण अभियन्ता विद्युत को दिये। साथ ही जनपद महोबा में उद्यमियों के चरित्र प्रमाण-पत्र से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि छोटे एवं सामान्य मामलों के कारण उद्योग स्थापना एवं संचालन में अनावश्यक बाधा उत्पन्न न होने दी जाये। इस संबंध में आवश्यक रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित किये जाने के निर्देश दिये गये। आयुक्त ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि हरियाणा,बिहार एवं अन्य राज्यों में पंजीकृत मालवाहक वाहनों का बिना उचित कारण चालान न किया जाये। तथा परिवहन व्यवस्था को उद्योग एवं व्यापार हितैषी बनाया जाये। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन तथा निवेश संवर्धन हेतु उद्यमियों को पारदर्शी,सरल एवं सुगम प्रशासनिक वातावरण उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक के अंत में आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि उद्योग बन्धु मंच शासन,प्रशासन एवं उद्यमियों के मध्य प्रभावी संवाद का माध्यम है। उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि निवेश प्रोत्साहन,औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता, तत्परता एवं समन्वय के साथ कार्य करें। जिससे चित्रकूटधाम मण्डल प्रदेश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सके। बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग सुधीर कुमार श्रीवास्तव,संयुक्त आयुक्त जीएसटी राज्य कर,मण्डल के समस्त उपायुक्त उद्योग,जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक बाँदा,हमीरपुर एवं चित्रकूट,अधीक्षण अभियन्ता विद्युत,यूपीसीडा के प्रतिनिधि, जल संस्थान, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड,ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारीगण तथा विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी एवं उद्यमीगण उपस्थित रहे।