चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है। बंगाल में भाजपा ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है। जीत के जश्न पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि वर्षो की साधना सिध्दि में बदली है। गंगा से गंगासागर तक इस बार कमल खिला है।
पीएम मोदी ने भाजपा मुख्यालय में विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा- जो लोग मुझे देख नहीं पाते हैं, उनसे मेरी प्रार्थना है, वे जहां वहीं से मुझे सुन लें, किसी को आगे पीछे न करें। उन्होंने कहा- जब वर्षों की साधना सिद्धी में बदलती है तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वो खुशी आज मैं देशभर के भाजपा के कार्यकर्ता के चेहरे पर देख रहा हूं। पीएम मोदी ने आगे कहा- मैं कार्यकर्ता के नाते हर भाजपा कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूं। आज का ये दिवस कई मायनों में खास है, विशेष है। ये देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। ये भरोसे का दिन है। भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा प्रदर्शन की राजनीति पर। भरोसा एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना पर।
भाजपा के कार्यकर्ता ने किया कमाल-पीएम
मैं बंगाल की जनता का, असम की जनता का, पुदुचेरी की जनता का, तमिलनाडु और केरल की जनता का आदरपूर्वक नमन करता हूं। मैं उनका वंदन करता हूं। भाजपा के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने कमाल कर दिया है, कमल खिला दिया है। आपने नया इतिहास रच दिया है। भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन के अध्यक्ष पद संभालने के बाद ये पहले विधानसभा चुनाव थे। इनमें पार्टी कार्यकर्ताओं को जो उनका मार्गदर्शन मिला, वह इस विजय में बहुमूल्य रहा है।