भारतीय जनता पार्टी की महिला नेता ने पार्टी के जिलाध्यक्ष पर सनसनी खेज आरोप लगाया है। आरोप है जिलाध्यक्ष ने पद के लिया हमबिस्तर होने के बात कही है।
भाजपा की पूर्व जिला मंत्री ने पार्टी के जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि जिला उपाध्यक्ष पद के बदले उन पर हमबिस्तर होने का दबाव बनाया गया। वहीं, जिला अध्यक्ष ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे छवि धूमिल करने की साजिश बताया है। जिले में भाजपा के अंदर मची तकरार अब सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आ गई है। नई जिला कार्यकारिणी के गठन के बाद से ही आरोपों का दौर जारी है। अब पूर्व जिला मंत्री ने फेसबुक लाइव में सीधे तौर पर जिलाध्यक्ष पर पद के बदले अनुचित दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब उन्होंने जिला उपाध्यक्ष पद के लिए बात की, तो जिला अध्यक्ष ने उनके सामने ऐसी शर्त रखी, जिसे सुनकर वह हैरान रह गईं। आरोप है कि जिला अध्यक्ष ने उन्हें दिल्ली और लखनऊ साथ चलने का प्रस्ताव दिया और बात न मानने पर पद से हटाने या पार्टी से बाहर करने की धमकी दी। आरोप लगाया कि पार्टी के दो अन्य पदाधिकारी भी उन पर जिला अध्यक्ष की बात मानने का दबाव बना रहे थे। उन्होंने भावुक होकर कहा कि वह वर्षों से पार्टी के लिए समर्पित थीं, लेकिन जब उनके पति को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई, तब उनका सब्र टूट गया और उन्हें फेसबुक लाइव के जरिए अपनी बात सार्वजनिक करनी पड़ी। उधर, जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने सभी आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताया है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है और यह उनकी छवि खराब करने की साजिश है। उन्होंने आरोपों की निंदा करते हुए उनका खंडन किया है।