गाजियाबाद-मासूम भांजी से दरिदंगी करने के बाद मामा ने की भांजी की हत्या

SHARE:

कलयुगी मामा ने अपनी चार साल की मासूम भांजी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी नृशंस हत्या कर दी। हत्या करने के बाद शव को कार के नीचे फेंककर फरार हो गया।
यूपी के गाजियाबाद स्थित टीला मोड़ थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में सगे मामा ने चार वर्षीय भांजी की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में 80 फुटा मार्ग पर एक कार के नीचे फेंककर भाग गया। बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो, हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
एक माह पहले आरोपी आया था बहन के घर
बच्ची के पिता ने बताया कि उनका साला घर से करीब एक किमी दूर किराये पर कमरा लेकर रहता है। करीब एक माह पहले ही वह अपने घर से यहां रहने के लिए आया था। बताया कि 11 अप्रैल की दोपहर करीब 12 बजे उनकी चार वर्षीय बेटी घर के बाहर बैठकर आइसक्रीम खा रही थी। तभी उनका साला वहां पहुंचा और चीज दिलाने का लालच देकर अपने कमरे पर ले गया। शाम तक बेटी का जब कुछ भी पता नहीं चला तब उन्होंने परिवार में अन्य सदस्यों से पूछा लेकिन किसी कोई जानकारी नहीं थी। खोजबीन शुरू हुई तब स्थानीय लोगों ने बच्ची को उसके मामा के साथ जाते हुए देखने की बात कही। जब वह साले के कमरे पर पहुंचे तब वह वहां नहीं था। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। वहीं रात करीब आठ बजे बच्ची का शव शालीमार गार्डन के 80 फुटा मार्ग पर खड़ी कार के नीचे मिली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। बेटी के साथ हुई हैवानियत का पता चलने के बाद से मां बेसुध है और पिता भी सदमे में हैं। बच्ची तीन भाई-बहन में दूसरे नंबर की थी। मासूम के ताऊ ने बताया कि पुलिस को सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली है। जिसमें आरोपी बच्ची को कंधे पर उठाकर ले जाता दिख रहा है।
अकेला होने का उठाया मौका
बच्ची का परिवार एक मंजिला मकान में रहता है। भूतल पर बच्ची के ताऊ व उनका परिवार रहता है। वहीं पहली मंजिल पर बच्ची के माता-पिता व भाई-बहन रहते हैं। उस दिन मासूम के घर में कोई नहीं था। उसके पिता मजदूरी करने गए थे। ताऊ का परिवार भी घर में नहीं था। बच्ची पहली मंजिल से नीचे उतरकर आई और दरवाजे पर बैठकर आइसक्रीम खा रही थी। तभी आरोपी ने उसके अकेले होने का फायदा उठाया और ले जाकर घिनौनी वारदात को अंजाम दे डाला।
झगड़े के बाद बहन के घर आया था आरोपी
चार वर्षीय भांजी से दरिंदगी कर मौत के घाट उतारने वाला आरोपी करीब एक माह पहले ही गाजियाबाद में रहने के लिए आया था। बच्ची के ताऊ ने बताया कि आरोपी की शादी हो चुकी है। वह नशे का आदी है और इसकी वजह से उसके परिवार वाले भी मतलब नहीं रखते। कुछ समय पहले ही उसकी शादी हुई थी। लेकिन वह ससुराल वालों से भी झगड़ा कर चुका है और उनसे भी नहीं बनती। करीब एक माह पहले काम करने के लिए वह अपने बहनोई के घर रहने आया था। नशे की आदत के चलते बच्ची के पिता ने उसे अपने घर रखने से मना कर दिया तब वह कमरा लेकर अलग रहने लगा।
परिवार ने की आरोपी के एनकाउंटर की मांग
बच्ची से हैवानियत की बात सामने आने के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश है। परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी कठोर कार्रवाई की मांग की है। यहां तक कि स्थानीय महिलाओं ने तो मुख्यमंत्री से न्याय की अपील करते हुए जल्द व सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं बच्ची के ताऊ व अन्य परिवार वालों ने आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है।
अतुल कुमार सिंह, एसीपी शालीमार गार्डन ने बताया कि मामले में बीएनएस की धारा 103 (1), 238, 65 (2) पॉक्सो एक्ट की धारा 5 व 6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश में दो टीमें काम कर रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जायेगा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment