हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग से जीवन को सुरक्षित रखे। नशे की हालत में वाहन न चलाने के साथ सीमित गति में वाहन चलाये। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को ट्रिपलिंग सवारी न करने तथा मोबाइल फोन पर बात करते समय वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
एसपी पलाश बंसल के निर्देशन पर यातायात नियमों के पालन कराये जाने को जागरूकता मुहिम अनवरत जारी है। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जनता इंटर कॉलज खुरहंड के छात्र-छात्राओं के द्वारा मंडलीय समन्वयक/ मास्टर ट्रेनर डॉ.पीयूष मिश्रा एवं यातायात प्रभारी संजय मिश्रा के संयुक्त निर्देशन में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सर्वप्रथम डॉ पीयूष मिश्रा द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के विषय में विस्तार से छात्र/ छात्राओं को बताया गया। हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग से जीवन को सुरक्षित रखने का संकल्प दिलाया। नशे की हालत में वाहन न चलाना सीमित गति में वाहन चलाना,ट्रिपलिंग सवारी न करना,मोबाइल फोन पर बात करते समय वाहन ना चलाना,दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर एक जिम्मेदारी नागरिक का कर्तव्य निभाना इत्यादि नियमों के विषय में विस्तार से बताया गया। यातायात प्रभारी संजय मिश्रा द्वारा यातायात नियमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा हमेशा सड़क में वाहन चलाते समय सीमित गति से एवं वाहन की फिटनेस के विषय में भी बताया गया। खुरहंड चौकी प्रभारी वीरेंद्र त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि अवकाश के समय सुरक्षित रूप से अपने घर जाते समय ओवर स्पीडिंग से बचे। कार्यक्रम के उपरांत विद्यालय के प्रधानाचार्य से अनुरोध किया कि विद्यालय परिसर में कोई भी शिक्षक,शिक्षिका या छात्र, अभिभावक बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन लेकर परिसर में प्रवेश न करने पाए। जिस पर प्रधानाचार्य दादूराम ने शिक्षकों तथा छात्रों से अपील की साथ अभिभावकों को भी दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के प्रयोग की महत्ता को बताने हेतु सभी से आग्रह किया। अंत में छात्रों द्वारा नुक्कड़ नाटक का प्रस्तुतीकरण खुरहंड चौराहे पर किया गया। मौजूद लोगों को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई।नुक्कड़ नाटक में श्रेष्ठ प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया l