खतरनाक स्टंट करने के मामले में यातायात पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। तीन बाइकों को सीज करते हुए 30 हजार 500 का चालान किया है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरुक करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालो पर की जा रही कड़ी कार्यवाही के क्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात प्रतिज्ञा सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा दोपहिया वाहनों से खतरनाक स्टंट करने वाले 03 मोटरसाइकिलों को सीज करते हुए 30 हजार 500 रुपए का चालान किया गया। सीओ ट्रैफिक प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रकाश में आया था। जिसमें कुछ युवकों द्वारा दोपहिया वाहनो से खतरनाक स्टंट किया जा रहा था। वीडियो को तत्काल संज्ञान में लेकर एसपी पलाश बंसल के द्वारा कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। यातायात पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए 03 मोटरसाइकिलो को सीज करते हुए कुल 30 हजार 500 रुपए का चालान किया गया। यह भी कहा कि यातायात पुलिस द्वारा अन्य दोपहिया वाहनों की भी पहचान/तलाश कर सीज करने की कार्यवाही की जा रही है। सीओ ट्रैफिक प्रतिज्ञा सिंह ने आमजनमानस से अपील है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए वाहनों से किसी भी प्रकार के खतरनाक स्टंट न करें। इस तरह के कृत्य न केवल आपकी अपनी जान के लिए जोखिमपूर्ण हैं,बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता हैं। इसलिए यातायात नियमों का पालन करें।