सर्राफा कारोबारी से बदमाशों ने पांच लाख रंगदारी मांगी है। रुपये न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी लारेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के नाम से दी गई है।
बहराइच में कस्बे के मुख्य बाजार में एक सराफा व्यापारी की दुकान पर अज्ञात बदमाशों ने बुधवार की रात धमकी भरा पत्र और जिंदा कारतूस फेंककर खुलेआम 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। पत्र में साफ लिखा है कि अगर तय रकम नहीं दी गई तो व्यापारी के पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। पत्र भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आते ही इलाके में दहशत का माहौल है। जगदीश ज्वेलर्स के मालिक चंद्र मोहन सोनी उर्फ छठ ने बताया कि देर रात को पत्र मिलने के बाद अज्ञात नंबरों से कई बार फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई है। लगातार मिल रही धमकियों से उनके परिवार में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।