जनपद में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में ट्रैफिक पुलिस को पुलिस मुख्यालय द्वारा इंटरसेप्टर वाहन प्रदान किया गया है। वाहन के जरिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के अलावा लापरवाही से वाहन चलाने वालों की निगरानी की जाएगी। एएसपी ने झंडी दिखाकर इंटरसेप्टर वाहन को रवाना किया।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में यातायात पुलिस को उपलब्ध कराए गए अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन को सिविल लाइन चौकी परिसर से अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज एवं क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि आधुनिक तकनीक से लैस यह इंटरसेप्टर वाहन ओवरस्पीडिंग, यातायात नियमों के उल्लंघन, लापरवाही से वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि वाहन के माध्यम से नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आमजन की सुरक्षा को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा। कार्यक्रम में सीओ ट्रैफिक सौरभ सिंह, यातायात प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह, सिविल लाइन चौकी प्रभारी आशुतोष त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, यातायात पुलिसकर्मी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।