आगरा में रिश्वत लेते बिजली विभाग के जेई समेत दो कर्मचारी गिरफ्तार

SHARE:

नए बिजली कनेक्शन के लिए रिश्वत मांगने के आरोप में बिजली विभाग के दो कर्मचारियों को विजिलेंस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक अवर अभियंता और एक निविदाकर्मी शामिल हैं। दोनों को शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया।
आगरा के शमसाबाद स्थित विद्युत उपखंड कार्यालय में तैनात अवर अभियंता विनेश यादव और निविदाकर्मी लोकेन्द्र सिंह को सोमवार को विजिलेंस टीम ने गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक विजिलेंस राजकुमार के अनुसार, शिकायतकर्ता अर्जुन पुत्र रामसेवक ने नए बिजली कनेक्शन के लिए रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
नए कनेक्शन के लिए मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता अर्जुन ने शमसाबाद के मोहल्ला टोला में नया मकान बनाया था। उन्होंने 24 अक्टूबर को नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। विद्युत उपखंड के कर्मचारियों ने मौके पर निरीक्षण करने के बाद उन्हें अवर अभियंता विनेश यादव से संपर्क करने को कहा।
आरोप है कि कनेक्शन स्वीकृत करने के लिए दस हजार रुपये की मांग की गई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान आगरा सेक्टर में लिखित शिकायत दी।
गोपनीय जांच के बाद हुई गिरफ्तारी
विजिलेंस की गोपनीय जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद सोमवार को ट्रैप टीम ने विद्युत उपखंड कार्यालय में कार्रवाई की। टीम ने विनेश यादव और लोकेन्द्र सिंह को शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिश्वत की शिकायत के लिए हेल्पलाइन
पुलिस अधीक्षक विजिलेंस राजकुमार ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग में करें। शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 9454401864 और 9454404853 तथा सतर्कता मुख्यालय का नंबर 9454401866 जारी किया गया है। विजिलेंस टीम द्वारा गिरफ्तार दोनों कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई