सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी पुलिस विभाग की अमूल्य धरोहर हैं,जिन्होंने अपने सेवाकाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं जनसेवा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके सम्मान,सुविधा एवं कल्याण का ध्यान रखना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस द्वारा पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के साथ मंगलवार को पुलिस लाइन में मण्डलीय पुलिस पेंशनर्स की बैठक की गई। बैठक में मण्डल के चारों जनपदों- बांदा,महोबा,चित्रकूट व हमीरपुर के पुलिस पेंशनर्स ने भाग लिया।बैठक का उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं,सुझावों एवं आवश्यकताओं को जानना तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस ने सभी पुलिस पेंशनर्स से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उनके पेंशन,चिकित्सा सुविधाओं,पारिवारिक लाभ,अभिलेखीय कार्यों तथा अन्य प्रशासनिक विषयों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को भी सुना।तथा उनके सुझावों भी लिए। डीआईजी ने कहा कि पुलिस पेंशनर्स की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में उच्च स्तर से कार्यवाही अपेक्षित है,उन्हें तत्काल संबंधित स्तर पर प्रेषित किए जाने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित करते हुए आश्वस्त किया गया कि उनकी समस्याओं के समाधान हेतु हर संभव सहायता एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी पुलिस विभाग की अमूल्य धरोहर हैं,जिन्होंने अपने सेवाकाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं जनसेवा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके सम्मान,सुविधा एवं कल्याण का ध्यान रखना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक के दौरान पुलिस पेंशनर्स द्वारा भी अपने अनुभव साझा किए गए तथा विभाग द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले ऐसे संवाद कार्यक्रमों की सराहना की गई। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन मेविस टॉक,क्षेत्राधिकारी सदर/कार्यालय सौरभ सिंह,जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह कछवाह,रामौतार विश्वकर्मा,जयकरन सिंह,बीएल यादव,बारेलाल,रुकसार अहमद, छत्रपाल चौहान उपस्थित रहे।