मोर्चरी में रखे शव को चूहे कुतर कर खा गए। सुबह घरवालों ने देखा। तब उन्होंने हंगामा करने के साथ कार्यवाही की मांग की।
मिर्जापुर शहर कोतवाली क्षेत्र के तरकापुर नई बस्ती मोहल्ले में रविवार की देर शाम फंदे से लटककर एक युवक ने खुदकुशी कर ली। शव को मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया था, जहां रात भर में चूहे शव को कुतर कर खा गए। सुबह शव निकालने परिजन पहुंचे तो देखा लगभग आधा किलो मांस चूहे खा गए हैं। हालांकि रात को ही परिजनों ने अस्पताल में शव रखने के लिए फ्रीजर खराब होने का आरोप लगाया। क्षेत्र निवासी राजू माली ने बताया कि उनका छोटा भाई अभिषेक सैनी उर्फ किशन को उन्होंने दोपहर में खाना खाने के लिए फोन किया तो उसका फोन नहीं उठा। शाम को वह मकान के पीछले हिस्से में बगीचे की ओर गए। वहां पर बने कमरे का दरवाजा बंद मिला। छत का दरवाजा खोलकर कमरे में पहुंचे तो भाई पंखे के सहारे लटका मिला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल में शव को बिना फ्रीजर के रखा गया। स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत करने के बाद व्यवस्था न होने पर रात को परिजनों ने बर्फ खरीदकर शव को रखवाया। सुबह पोस्टमार्टम के लिए शव को निकालने गए तो देखा कमर के पास चूहे शव को खा गए हैं। मामले में परिजन हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर लापरवाही की गई है।