मायके से पत्नी के न आने से परेशान युवक ने शराब के नशे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कोतवाली नगर क्षेत्र के क्योटरा मुक्तिधाम निवासी 26 वर्षीय रामभवन पुत्र भगवानदीन रविवार की रात शराब के नशे में घर आया और उत्पात मचाने लगा। घर में रखा सामान भी इधर उधर फेंकने के साथ तोड़ने लगा। मां कुषमा ने मना किया तो इसी बात को लेकर मां बेटे में कहा सुनी हो गई। तभी वह नशे की हालत में कमरे के अंदर गया और पंखे के हुक पर रस्सी से फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह मां ने शव लटका देखा,तब उसे घटना की जानकारी हो सकी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बड़े भाई रामदास ने बताया कि वह पिलंबर का काम करता था। तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी। वह शराब पीने का आदी था। इसी से परेशान होकर पत्नी संगीता डेढ माह पहले अपने मायके चली गई थी। पत्नी के मायके से न आने पर वह परेशान रहता था। इसी के चलते उसने नशे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है।