ट्रेलर से टकराने के बाद अचानक बोलेरो में आग लग गई। जिस पर हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर तत्काल अधिकारी पहुंचे। साथ ही अपनी मौजूदगी में बचाव कार्य शुरू कराया।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में दर्दनाक हादसा हुआ। रीवा-मिर्जापुर हाईवे स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार देर रात एक कार के ट्रेलर से टकराने के बाद 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें बोलेरो सवार नौ लोग जिंदा जल गए। इसी तरह स्विफ्ट कार पर सवार जय प्रकाश (26) की मौत हुई है। जयप्रकाश सोनभद्र के परसिया दुबे रॉबर्ट्सगंज के रहने वाले थे। ट्रक के एक खलासी की मौत इलाज के दौरान अस्पताल हुई है। मिर्जापुर के डीएम पवन कुमार गंगवार ने हादसे में 11 लोगों के मरने की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, जिगना थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी अरुण सिंह का परिवार नौ साल के बेटे शिव का मुंडन कराने बोलेरो से मैहर गया था। परिवार मैहर से मिर्जापुर लौट रहा था। बोलेरो में पंकज सिंह, बीना, वंदना, पीयूष, प्रियंका, कार्तिकय, सोनम सवार थे। विष्णु बोलेरो चला रहा था। मध्य प्रदेश की तरफ से गिट्टी लादकर आ रहे ट्रेलर का ब्रेक बुधवार की रात अचानक फेल हो गया। इससे अनियंत्रित ट्रेलर ने वाराणसी नंबर की स्विफ्ट कार में टक्कर मारी और उसे रौंदते हुए एक ट्रक से जा भिड़ा। इस बीच रीवा की तरफ से आई बोलेरो पीछे से ट्रेलर से टकरा गई। इससे जोरदार धमाका हुआ और बोलेरो में आग लग गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो पिचक गई और उसमें सवार लोग फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली की बोलेरो सवार नौ लोग जिंदा जल गए। स्थानीय लोगों ने ड्रमंडगंज पुलिस को सूचना दी। डीएम और एसपी के साथ सीओ लालगंज अमर बहादुर भी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुट गई। घंटों की मशक्कत के बाद बोलेरो की आग पर काबू पाया गया। मुंडन करा कर मैहर से लौट रहे थे बोलेरो सवार
जिगना थाना इलाके के रामपुर गांव निवासी अरुण सिंह का परिवार मुंडन के लिए मैहर गया था, लेकिन उन्हें क्या पता था रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही थी। सभी लोग मैहर से लौट रहे थे। अरुण के पुत्र शिव (9) का मुंडन करने के लिए परिवार के लोग बुधवार सुबह बोलेरो से मैहर गए थे। मुंडन कार्यक्रम करने के बाद शाम को मैहर से घर लौट रहे थे। बोलेरो में शिवा, पंकज सिंह, बीना, बंदना, पीयूष, प्रियंका, कार्तिकेय, सोनम आदि सवार थे। बोलेरो विष्णु चला रहा था।