उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में बुधवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक युवक ने बीच सड़क पर युवती को रोककर उसके माथे पर दो गोलियां मार दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद भी अपने सीने में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में उसकी पहचान आदित्य (22) पुत्र रामेश्वर दयाल, निवासी शिवलोकपुरी, कंकरखेड़ा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आदित्य करीब 10 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। इससे पहले उसे अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। घटनास्थल से तमंचा बरामद किया गया है और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है।