इंटर कॉलेज की शिक्षिका को लगातार परेशान करने, पीछा करने और अश्लील हरकतें करने के आरोप में पुलिस ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शिक्षिका का आरोप है कि आरोपी करीब दो साल से उसे परेशान कर रहा था। आठ अगस्त को सब्जी लेने मंडी पहुंचने पर भी आरोपी ने उसका पीछा किया और अश्लील हरकतें करते हुए छेड़खानी का प्रयास किया। विरोध करने पर अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
जनपद बांदा के एक गांव निवासी शिक्षिका महोबा जनपद के कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के जैतपुर के इंटर कॉलेज में पढ़ाती हैं और कस्बे में किराये के मकान में रहती हैं। तहरीर में उन्होंने बताया कि कस्बे का धीरज पिछले दो वर्षों से रास्ते में आते-जाते उन्हें परेशान करता और अश्लील हरकतें करते हुए छेड़खानी का प्रयास करता था। सामाजिक गरिमा को देखते हुए उन्होंने परिजनों के माध्यम से आरोपी को समझाने का प्रयास भी किया, जिसके बाद कुछ समय तक वह शांत रहा, लेकिन बाद में फिर परेशान करने लगा। आठ अगस्त को मंडी में आरोपी ने फिर हरकत की और विरोध करने पर धमकी दी। सीओ कुलपहाड़ अनुरुद्ध कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षिका की तहरीर के आधार पर आरोपी धीरज मालवीय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी पर अश्लील हरकत करने, पीछा करने, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।