कानपुर-पत्नी की जिद पर एसडीओ ने रची नवजात चोरी की साजिश, एएनएम को दिया था पांच लाख का लालच

SHARE:

घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से नवजात चोरी के मामले में पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, मौदहा में तैनात बिजली निगम के एसडीओ आरके वर्मा ने पत्नी की जिद और बेटे की चाहत में नवजात चोरी कराने की साजिश रची थी। इसके लिए उन्होंने कानपुर देहात के देवीपुर में तैनात एएनएम गीता को पांच लाख रुपये देने का लालच दिया था।
10 मई की रात एएनएम ने की थी बच्चा चोरी की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, एसडीओ ने बांदा के बबेरू क्षेत्र के अनुवान गांव निवासी एएनएम गीता को नवजात चोरी करने के लिए तैयार किया था। 10 मई की रात गीता घाटमपुर सीएचसी से एक नवजात को चोरी कर बाहर ले जाने लगी, लेकिन अस्पताल के कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने एएनएम को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ अपहरण व मानव तस्करी समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में सामने आया एसडीओ का नाम
पुलिस की विवेचना और एएनएम से पूछताछ में बिजली निगम के एसडीओ आरके वर्मा का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसीपी कृष्ण कांत के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
निलंबन के लिए एमडी को भेजा पत्र
एसडीओ आरके वर्मा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। अधीक्षण अभियंता ज्ञान सिंह यादव ने बताया कि एसडीओ के निलंबन के लिए दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी को पत्र भेजा गया है। कोर्ट के आदेश की प्रति मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभागीय जांच के आदेश नहीं हुए हैं। आरके वर्मा करीब 10 महीने से मौदहा में एसडीओ के पद पर तैनात थे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई