कानपुर-राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सर की संदिग्ध मौत, कपड़े बदलने का रहस्य गहराया

SHARE:

संदिग्ध परिस्थितियों में राष्ट्रीय स्तर की महिला बॉक्सर की मौत का मामला उलझता जा रहा है। घर से निकलते समय पहने कपड़ों और शव मिलने के दौरान कपड़ों में अंतर मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने एक युवक पर प्रताड़ित करने और शव हाईवे किनारे फेंकने का आरोप लगाया है।
कानपुर की बॉक्सर मंतशा का शव महाराजपुर क्षेत्र में महोली कोल्ड स्टोरेज के पास हाईवे किनारे मिला था। उसकी बहन खुशबू के मुताबिक, मंतशा घर से काली जींस, जूते और काले-सफेद रंग का कोट पहनकर निकली थी, जबकि शव मिलने के समय उसके शरीर पर हरा टॉप और काला लोअर था। शव के पास जूते-चप्पल भी नहीं मिले। परिजनों का कहना है कि उसके पैरों में मिट्टी तक नहीं लगी थी। इससे उन्होंने आशंका जताई कि शव को कार से लाकर हाईवे किनारे फेंका गया।
परिजनों ने मलकीत नामक युवक पर मंतशा को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। बताया गया कि दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद था। आरोप है कि युवक शादी के लिए तैयार नहीं था। इसी विवाद के बाद मंतशा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर युवक उसे अस्पताल ले जाने के बजाय कार से हाईवे की ओर ले गया। आरोप है कि रास्ते में उसकी मौत होने पर शव हाईवे किनारे छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक चकेरी क्षेत्र का रहने वाला है और उसके अमृतसर भागने की सूचना मिली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। मृतका की मां संजना ने बताया कि मंतशा शाम को लालबंगला बाजार से खरीदारी करने की बात कहकर घर से निकली थी। इसी महीने की 18 तारीख को परिवार में शादी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। मां के मुताबिक, मंतशा की खेल कोटे से असम राइफल्स में नौकरी लगने वाली थी।
मंतशा के पिता बी. प्रमोद कराटे में ब्लैक बेल्ट हैं। बेटी बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम को अपना आदर्श मानती थी। पिता ने उसकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए उसे प्रशिक्षण के लिए असम भेजा था। मंतशा ने वर्ष 2014 और 2015 में उत्तर प्रदेश स्तर पर स्वर्ण पदक जीते थे। वर्ष 2017 में रजत और 2019 में स्वर्ण पदक हासिल किया था। ऑल इंडिया इंटर साई बॉक्सिंग टूर्नामेंट में भी उसने स्वर्ण पदक जीता था।
पोस्टमार्टम में विसरा सुरक्षित
दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम किया। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। जहर खाने या खिलाए जाने की आशंका के चलते विसरा सुरक्षित किया गया है। जांच के लिए स्वाब, नाखून, बाल, फेफड़े और हृदय के नमूने भी सुरक्षित रखे गए हैं।
आरोपी की तलाश में पुलिस टीम रवाना
परिजनों की ओर से गंगाघाट थाने में मंतशा के लापता होने की सूचना दी गई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज की। उन्नाव के पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर से मौत की बात सामने आई है। परिचित युवक से शादी को लेकर विवाद की जानकारी मिली है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई