दर्शन और परिक्रमा कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं का ऑटो सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार ऑटो बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खड़े खराब लोडर में पीछे से टकरा गया। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य चार लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं।
बिसंडा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे यह हादसा हुआ। फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव निवासी फूलचंद्र अपने भाई राजाराम (55) समेत 11 महिला-पुरुषों के साथ शनिवार शाम सीएनजी ऑटो से चित्रकूट अमावस्या पर दर्शन करने गए थे। रविवार सुबह स्नान और परिक्रमा करने के बाद सभी घर लौट रहे थे। बताया गया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे श्रद्धालु चित्रकूट से रवाना हुए थे। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर पहुंचने के दौरान ऑटो चालक दिनेश रैदास को झपकी आ गई। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े खराब लोडर (पिकअप) में पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को बिसंडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राजाराम को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल चालक दिनेश रैदास (40), अमित (32), आरती (32), कमल कुमारी (30), शिवानी (35) और बुधिया निषाद (52) को प्राथमिक उपचार के बाद रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अनिल (32), राधा, पूजा और मृतक के भाई फूलचंद्र को मामूली चोटें आईं। परिवार में मचा कोहराम
मृतक के भाई फूलचंद्र ने बताया कि राजाराम के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। वह बटाई पर खेत लेकर खेती-किसानी करता था और परिवार का भरण-पोषण करता था। पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कराया गया है।