प्राइवेट स्कूल के प्रधानाचार्य तीन छात्राओं के साथ अश्लीलता कर दी। अभिभावकों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
कानपुर में कोचिंग पढ़ाने के बहाने प्री-स्कूल के प्रधानाचार्य ने एक, दो नहीं बल्कि तीन बच्चियों के साथ अश्लीलता की। अभिभावकों ने जब प्रधानाचार्य से विरोध जताया तो उसने धमकाकर उन्हें भगा दिया। इसके बाद अभिभावकों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी दिनेश बिष्ट ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे पकड़ लिया गया है। पनकी के एक मोहल्ले में रहने वाले आठ साल की बच्ची के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कक्षा चार की छात्रा है। वह शिवनगर गंगागंज कालोनी स्थित आरएस किड्स प्री स्कूल में कोचिंग पढ़ने जाती है।जब उन्होंने बेटी से कोचिंग जाने के लिए कहा तो उसने रोते हुए इन्कार कर दिया। इस पर उन्होंने बच्ची को डांटा, तो बेटी ने रोते हुए अपनी मां से बताया कि टीचर ब्रजेश पाल उसके साथ बेहद गंदी हरकतें करते हैं। इतना ही नहीं उसकी दो और सहेलियों के साथ भी ऐसा ही करते हैं। इस पर बच्ची के पिता बेटी की सहेलियों के अभिभावकों से मिले और उन्होंने भी जब अपनी बच्चियों से पूछा तो सभी ने टीचर की गंदी हरकतें बयां की। इसके बाद तीनों के अभिभावक जब शिकायत करने प्री-स्कूल पहुंचे, तो आरोपी ने उन्हें धमकाकर भगा दिया। इस पर देर शाम तीनों ने एक साथ थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। जिस पर पुलिस ने मामले में आरोपी ब्रजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पीड़ित अभिभावकों ने बताया कि करीब 48 वर्षीय बृजेश अपने ही मकान में कक्षा पांच तक का प्री-स्कूल चलाता है। उनकीं बच्चियां उसी के स्कूल में पढ़ने के अलावा दोपहर को उससे कोचिंग पढ़ने भी जाती थी। जब आरोपी ब्रजेश के खिलाफ थाने में शिकायत की गई, तो वह भी अपने साथ कुछ प्रभावशाली लोगों को लेकर सीधे चौकी पहुंच गया। जहां पर उसने बच्चियों के अभिभावकों पर समझौते का दबाव डाला, लेकिन अभिभावकों व उनके साथ आई भीड़ का गुस्सा देख पुलिस ने भी किसी तरह की कोताही करना उचित नहीं समझा और उसे तत्काल हिरासत में लेकर सीधे पनकी थाने पहुंचा दिया। जब इलाकाई लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उनमें आक्रोश छा गया। करीब 20-25 लोगों की भीड़ दोपहर को स्कूल के बाहर तोड़फोड़ करने पहुंची गई, लेकिन कुछ लोगों ने भीड़ को समझाया कि आरोपी पकड़ गया है और स्कूल भी बंद हो गया है। ऐसे में कुछ करना ठीक नहीं है। इस पर भीड़ लौट आई।