दवा कारोबारी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद उनका शव कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। पार्टी से लौटे बेटे और बहू ने घर के अंदर यह खौफनाक मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट के सी-104 फ्लैट में शनिवार देर रात दवा कारोबारी विनीत मोचा (63) की हत्या हुई। वारदात के समय उनका बेटा सुब्रत और बहू शालू पार्टी में गए हुए थे। रात करीब दो बजे दोनों घर लौटे तो फ्लैट का दरवाजा खुला मिला। अंदर कमरे में विनीत का शव पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सामने आया कि विनीत की गर्दन पर चाकू से हमला किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। विनीत मोचा का बिरहाना रोड पर फार्मा ट्रेडर्स के नाम से मेडिकल कारोबार था। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि हमलावर किसी बहाने से फ्लैट तक पहुंचे और दरवाजा खुलवाने के बाद वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी में कैद हुए दो संदिग्ध
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध लोगों के अपार्टमेंट में आने-जाने की जानकारी मिली है। बेटे ने फुटेज में एक संदिग्ध की पहचान घर में काम करने वाले नौकर के रूप में की है। इसके बाद पुलिस का शक नौकर पर गहरा गया है। पुलिस दोनों संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
घटना की सूचना पर एसीपी कल्याणपुर ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के पीछे लूट, रंजिश या कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जायेगा।