कानपुर-डुप्लीकेट चाबी से घर में घुसे हत्यारे, छह लाख की कथित सुपारी से ससुर की हत्या

SHARE:

पार्टी से देर रात घर लौटे परिवार ने फ्लैट के अंदर दवा कारोबारी का खून से लथपथ शव देखा तो सनसनी फैल गई। जांच आगे बढ़ी तो मामला लूट के बजाय सुनियोजित हत्या का निकला। पुलिस को शक है कि घर की डुप्लीकेट चाबी बनवाकर पूर्व कर्मचारी और उसके साथी को अंदर भेजा गया था।
कानपुर के कल्याणपुर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में पुलिस अब परिवार के भीतर की कथित साजिश की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, कारोबारी की बहू शालू की भूमिका सामने आने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में हत्या के बदले करीब छह लाख रुपये देने की बात सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस के मुताबिक, विनीत का पुराना कर्मचारी विशाल गौतम पहले उनके यहां काम करता था। वर्ष 2021 में रुपये चोरी के आरोप में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। जांच में सामने आया कि विशाल को घर में आने-जाने की जानकारी थी। आरोप है कि डुप्लीकेट चाबी तैयार कराकर उसे दी गई, जिसके जरिए वह अपने साथी राजकिशोर के साथ फ्लैट में दाखिल हुआ।
बेटे के कमरे में छिपकर बैठे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कारोबारी के घर लौटने का इंतजार कर रहे थे। वे बेटे के कमरे में छिपे थे। विनीत वहां पहुंचे तो उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विशाल और राजकिशोर को चिन्हित किया। दोनों को बाद में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के पैरों में गोली लगी।
दो लाख पहले और चार लाख बाद में देने की बात
पूछताछ में पुलिस के सामने कथित सुपारी की रकम से जुड़ी जानकारी भी आई है। आरोपियों के बयान के अनुसार, हत्या के बाद दो लाख रुपये और करीब 15 दिन बाद चार लाख रुपये देने की बात कही गई थी। हालांकि पुलिस इस दावे की पुष्टि के लिए साक्ष्यों और लेनदेन से जुड़ी कड़ियों की जांच कर रही है। पुलिस हत्या की वजह को लेकर पारिवारिक और आर्थिक विवाद के पहलू पर भी जांच कर रही है। बताया गया है कि कारोबारी अपने बेटे को हर महीने करीब 35 हजार रुपये खर्च के लिए देते थे। इसके अलावा परिवार में घूमने-फिरने और पार्टी को लेकर बंदिशों की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस बहू की भूमिका और आरोपियों के बयानों का मिलान कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई