झांसी-व्यापारी पर फायरिंग करने वाले चार आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

SHARE:

व्यापारी प्रशांत गुप्ता पर फायरिंग के मामले में झांसी पुलिस ने चार आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, लकारा के पास आरोपियों के होने की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की थी। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चारों आरोपियों के पैर में गोली लगी। वहीं एक गोली सीपरी बाजार थानाध्यक्ष की बुलेट प्रूफ जैकेट पर जा लगी। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस टीम को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, गोलीकांड के खुलासे के लिए दो टीमें गठित की गई थीं। इसी दौरान आरोपियों के लकारा के पास होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सीपरी बाजार थाना प्रभारी की बीपी जैकेट पर लगी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में चारों आरोपी घायल हो गए।
चारों आरोपियों के पैर में लगी गोली
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने उनके कब्जे से चार देशी तमंचे 315 बोर, छह खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 785 रुपये बरामद किए हैं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम कुशवाहा और सुरेंद्र कुशवाहा, निवासी सिरसा, थाना दतिया क्षेत्र, आकाश कुशवाहा, निवासी कुमहर्रा, जिला निवाड़ी और प्रदुम्न कुशवाहा, निवासी दतिया के रूप में हुई है।
12 अगस्त को व्यापारी पर की थी फायरिंग
पुरानी गल्ला मंडी रोड स्थित कैलाश रेजीडेंसी कॉलोनी निवासी व्यापारी प्रशांत गुप्ता की भोजला मंडी में आढ़त है। 12 अगस्त की शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर वह स्कूटी से घर लौट रहे थे। भोजला पुल के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। व्यापारी के न रुकने पर बदमाशों ने पीछे से फायरिंग कर दी। गोली उनकी पीठ में कमर के पास लगी। घायल अवस्था में प्रशांत खुद हाईवे स्थित निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस अब फायरिंग की वजह, आरोपियों की भूमिका और घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई